जमशेदपुर :गोविंदपुर के अन्ना चौक के पास शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय मासूम आरोही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में मातम के साथ-साथ लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के समय एक परिवार के चार सदस्य कार में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान एक स्कूल बस से कार की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि 7 वर्षीय बच्ची आरोही ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल तीन अन्य लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना में शामिल स्कूल बस का नंबर JH05BV8171 बताया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। मासूम आरोही की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और व्यवस्था के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
स्थानीय लोगों ने हादसे की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे के वास्तविक कारणों और दुर्घटना में किसकी गलती थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मासूम आरोही की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
Reporter: Brijraj Singh














