संभल में 5 वर्षीय मासूम लापता, चेहल्लुम मेले की ओर गया था ओवैस; परिजनों ने पुलिस से लगाई सकुशल बरामदगी की गुहार

रिपोर्ट: शाहरुख चौधरी।

संभल में 5 वर्षीय मासूम लापता, चेहल्लुम मेले की ओर गया था ओवैस; परिजनों ने पुलिस से लगाई सकुशल बरामदगी की गुहार
संभल। जनपद संभल के थाना असमोली क्षेत्र अंतर्गत चौकी मंसूरपुर माफी इलाके से 5 वर्षीय मासूम मोहम्मद ओवैस के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्चा 5 अगस्त की शाम घर से चेहल्लुम मेले की ओर गया था, जिसके बाद वापस घर नहीं लौटा। मासूम के लापता होने से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, गांव ओवरी निवासी सलमान पुत्र फरजंद ने चौकी प्रभारी मंसूरपुर माफी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका 5 वर्षीय पुत्र मोहम्मद ओवैस 5 अगस्त की शाम करीब 4 बजे घर से निकलकर चेहल्लुम मेले की ओर चला गया था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर बच्चे को काफी तलाश किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद मासूम का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परेशान पिता ने पुलिस चौकी पहुंचकर अपने पुत्र की सकुशल तलाश और बरामदगी की गुहार लगाई।
मासूम के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और बच्चे की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मासूम के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत करें संपर्क
परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मोहम्मद ओवैस के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल थाना असमोली पुलिस, चौकी मंसूरपुर माफी अथवा बच्चे के पिता सलमान के मोबाइल नंबर 9917996070 पर सूचना दें, ताकि मासूम को जल्द से जल्द सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Comment