बांका कटोरिया संवाददाता श्रीकान्त यादव कि रिपोर्ट

बांका विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ माननीय प्रभारी मंत्री-सह-राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री, बिहार सरकार डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर शंखध्वनि के साथ विधिवत किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री, बिहार सरकार श्री श्रवण कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री श्री संजय कुमार सिंह तथा शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार श्री मिथिलेश कुमार तिवारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में माननीय विधायक बाँका श्री रामनारायण मंडल, माननीय विधायक अमरपुर श्री जयंत राज, माननीय विधायक, बेलहर श्री मनोज यादव, माननीय विधायक, कटोरिया श्री पूरनलाल दुड्डू, निर्वाचन पदाधिकारी भागलपुर-सह-बाँका विजय कुमार सिंह,जदयू नेता ओंकार यादव, पुर्व विधायक पप्पू यादव की गरिमामय उपस्थिति तथा जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन से पूर्व माननीय प्रभारी मंत्री-सह-राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री, बिहार सरकार डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्थापित टेंट सिटी एवं जीविका दीदी की रसोई का लोकार्पण किया गया। इसके उपरांत उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित विभागीय प्रदर्शनी एवं सूचना केंद्र, अस्थायी थाना, मेडिकल केंद्र, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही पेयजल एवं अन्य सुविधाओं, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट सहित श्रद्धालुओं के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
सभी जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने एक स्वर में जिला प्रशासन द्वारा श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु की गई तैयारियों एवं विकास कार्यों की सराहना की।
माननीय मंत्री सहित सभी माननीय अतिथियों ने अपने संबोधन में कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए कांवरिया पथ पर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक एवं प्रभावी व्यवस्था की गई है।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों से सेवा-भाव, समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि श्रावणी मेला में आने वाले प्रत्येक कांवरिया श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुखद यात्रा का अनुभव कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेला अवधि के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन की प्रथम एवं सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक कांवरिया श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं उत्कृष्ट सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से संपूर्ण कांवरिया पथ पर दंडाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है तथा इसकी नियमित रूप से प्रतिदिन निगरानी भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए रोस्टर के अनुसार सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो कांवरिया पथ पर लगातार साफ-सफाई, कचरा निष्पादन एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक, बांका ने कहा कि श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संपूर्ण कांवरिया पथ एवं मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की सतत निगरानी की जा रही है।















