रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़ ।
21, 22 एवं 23 अगस्त को नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयोजित होगी विशेष लोक अदालत
बाराबंकी, 13 मई 2026। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में “समाधान समारोह-2026” अभियान के अंतर्गत लंबित मामलों के आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है। अभियान का समापन 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत के माध्यम से किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी की सचिव श्री उज्ज्वल उपाध्याय ने बताया कि समाधान समारोह का उद्देश्य न्याय को सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाते हुए पक्षकारों के मध्य सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। विशेष लोक अदालत में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत से पूर्व राज्य, जिला एवं तालुका स्तर पर विभिन्न सुलह बैठकों एवं मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से मामलों के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। पक्षकार इन सुलह प्रक्रियाओं में व्यक्तिगत रूप से अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी प्रतिभाग कर सकते हैं।
सचिव ने बताया कि अधिक से अधिक पक्षकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु ऑनलाइन आवेदन/पंजीकरण की व्यवस्था भी प्रारम्भ कर दी गई है। इच्छुक पक्षकार 31 मई 2026 तक गूगल फॉर्म के माध्यम से अपने मामलों को समाधान प्रक्रिया में शामिल करा सकते हैं।
गूगल फॉर्म एवं विस्तृत जानकारी हेतु सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट के लिंक https://www.sci.gov.in/samadhan-samaroh-2026/ का उपयोग किया जा सकता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे इस पहल का लाभ उठाते हुए आपसी सहमति से विवादों का समाधान कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने में सहयोग प्रदान करें।










