बाराबंकी: डीएम ने राजस्व एवं कर वसूली कार्यों की समीक्षा कर वसूली में तेजी लाने के दिए निर्देश

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़।

ओवरलोड डंपरों एवं अवैध खनन के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश

बाराबंकी, 15 मई 2026। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कर एवं करेत्तर राजस्व प्राप्तियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष वसूली कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित देयों की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने खनन, परिवहन, आबकारी, विद्युत, राजस्व एवं अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए कहा कि राजस्व प्राप्ति शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से बड़े बकायेदारों से वसूली हेतु अभियान चलाने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने जिला खनन अधिकारी एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर ओवरलोड डंपरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहनों के संचालन से सड़कों को क्षति पहुंचती है तथा राजस्व की भी हानि होती है, इसलिए ऐसे मामलों में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने अवैध खनन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी अवैध खनन की गतिविधियां पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने तथा संयुक्त प्रवर्तन कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) श्री निरंकार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला खनन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment