डीएम ने उप निबन्धक कार्यालय नवाबगंज सदर का किया औचक निरीक्षण, बाहरी व्यक्तियों की संलिप्तता मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी

रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।

बाराबंकी, 19 मई। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) निरंकार सिंह के साथ उप निबन्धक कार्यालय, नवाबगंज सदर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर का मिलान कर उपस्थिति की जांच की तथा कार्यालय की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि रजिस्ट्री कार्यालय में कोई बाहरी व्यक्ति कार्य करता हुआ पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं अनुशासन बनाए रखना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दिनभर में हुए रजिस्ट्रेशन की संख्या, अभिलेखों के रख-रखाव एवं कार्यालय व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रत्येक काउंटर पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय परिसर में अनावश्यक भीड़ एवं अव्यवस्था न होने पाए।

डीएम ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा कार्यों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यालय के सभी पटलों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं तथा उन्हें सतत रूप से क्रियाशील स्थिति में रखा जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment