Barabnki News: रोजगार मेलों की तैयारी तेज, 18 नवंबर को होगा वृहद रोजगार मेला

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

विधानसभा स्तर पर होंगे रोजगार मेले, मुख्यालय के वृहद मेले में करीब 50 कंपनियों के शामिल होने की संभावना

बाराबंकी, 21 सितम्बर। युवाओं एवं युवतियों को रोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बाराबंकी जनपद में सेवा संकल्प अभियान एवं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत विभिन्न रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर रोजगार मेलों के साथ ही 18 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय पर वृहद रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है।

जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि इन रोजगार मेलों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जिले की विभिन्न विधानसभाओं में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।

इन तिथियों पर होंगे रोजगार मेले

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितम्बर को खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर हैदरगढ़, 3 अक्टूबर को खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर रामनगर, 6 अक्टूबर को खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर फतेहपुर, 9 अक्टूबर को खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर बनीकोडर तथा 17 अक्टूबर को जीआईसी ऑडिटोरियम, बाराबंकी में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा 2 नवंबर 2026 को संत कवि बाबा बैजनाथ पीजी कॉलेज, हरख में भी रोजगार मेला आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

18 नवंबर को मुख्यालय पर होगा वृहद रोजगार मेला

मुख्यालय स्तर पर 18 नवंबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज, बाराबंकी में वृहद रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है। इस मेले में करीब 50 निजी क्षेत्र की कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं, 1000 से 2000 अभ्यर्थियों के चयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिलाधिकारी के अनुसार जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न रोजगार मेलों में 30 से अधिक निजी क्षेत्र की कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियों द्वारा अलग-अलग शैक्षिक योग्यताओं वाले टेक्निकल एवं नॉन-टेक्निकल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा।

अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी पर जोर

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रोजगार मेलों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी

इच्छुक अभ्यर्थी www.rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर रोजगार मेलों में प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पोर्टल पर पंजीकरण कर रोजगार मेले में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शामिल हों।

 

Leave a Comment