बाराबंकी: डीएम ने विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, अधूरे अन्नपूर्णा भवन और आंगनबाड़ी केंद्र तत्काल पूरे कराने के निर्देश

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

डीएम ने विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, अधूरे अन्नपूर्णा भवन और आंगनबाड़ी केंद्र तत्काल पूरे कराने के निर्देश

बाराबंकी, 15 सितंबर 2026। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में ग्राम विकास, पंचायती राज, गौ आश्रय स्थलों एवं जिला स्वच्छता समिति से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधूरे अन्नपूर्णा भवन और आंगनबाड़ी केंद्र तत्काल पूरे कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधूरे अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस दिन अन्नपूर्णा भवन अथवा आंगनबाड़ी केंद्र की छत की ढलाई हो, उस दिन संबंधित सप्लाई इंस्पेक्टर अथवा सीडीपीओ मौके पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहें।

डीएम ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।

ग्रामवार जीरो तालाब चिन्हित कर कराएं खुदाई

ग्राम विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड में ग्रामवार जीरो तालाबों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीबीजी रामजी योजना के अंतर्गत चिन्हित तालाबों की खुदाई कराई जाए और कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने कहा कि इससे जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। इसके अलावा ग्रामों में खाली पड़ी भूमि को चिन्हित कर वहां गौ आश्रय स्थलों के लिए चारे की खेती कराने के निर्देश भी दिए।

गौ आश्रय स्थलों की निगरानी में लापरवाही पर वेतन बाधित करने के निर्देश

गौ आश्रय स्थलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नामित नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय पर निरीक्षण नहीं करने वाले नोडल अधिकारियों का वेतन बाधित किया जाए।

डिप्टी सीवीओ को सभी गौ आश्रय स्थलों पर पंचनामा रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट कराने और प्रतिदिन गौवंश की संख्या का आंकड़ा अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही केयरटेकर के मानदेय का समय से भुगतान और गौ आश्रय स्थलों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति बढ़ाने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्माणाधीन आवासों की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने समूहों को प्राप्त होने वाली धनराशि का लाभ सभी पात्र सदस्यों तक पहुंचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिजिटल लाइब्रेरी और खराब रास्तों को लेकर भी दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने ग्रामों में स्थापित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरियों के शेष कार्य जल्द पूरा कराने और उन्हें उपयोगी एवं बेहतर स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन गांवों में विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्ते खराब हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्तीकरण कराया जाए, ताकि बच्चों और आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं और परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य भी प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

पंचायती राज एवं स्वच्छता कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालियों की नियमित सफाई, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और सामुदायिक परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

बैठक में जिलाधिकारी ने 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने तथा शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ पंकज वर्मा, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए राकेश कुमार सिंह, डिप्टी सीवीओ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment