‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस वर्ष पोषण माह की थीम “हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। जिले में यह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

जिला समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद चाईबासा की अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती ने संयुक्त रूप से पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पोषण रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को संतुलित आहार, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों के प्रति जागरूक करेगा। अभियान का उद्देश्य पोषण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना है।

दिलाई गई पोषण की शपथ

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों को पोषण संबंधी शपथ दिलाई गई। इसके अलावा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों को पोषण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बैलून उड़ाकर भी पोषण माह के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

पांच प्रमुख विषयों पर रहेगा विशेष जोर

राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान जिले में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पांच प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों के जरिए आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन के महत्व को समझाना, आंगनबाड़ी केंद्रों में ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने पर जोर, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही को बढ़ावा देना, बच्चों के विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए नकद अंतरण जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

अभियान के माध्यम से बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं विकास को बेहतर बनाने के साथ-साथ लोगों के पोषण संबंधी व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण और बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों के प्रभावी केंद्र के रूप में और मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment