रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

डीएम व एसपी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महमूदाबाद का किया औचक निरीक्षण
बालिकाओं के साथ भोजन कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पासआउट छात्राओं को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
‘हँसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान के तहत 15 बालिकाओं को वितरित किए टेस्टेड चश्मे
बालिकाओं की मांग पर एकेडमिक भवन तक इंटरलॉकिंग कार्य के तत्काल दिए निर्देश

बाराबंकी, 05 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महमूदाबाद, सिरौली गौसपुर का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं तथा किसी प्रकार की समस्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर ‘हँसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान के तहत विद्यालय में चिन्हित 15 बालिकाओं को टेस्टेड चश्मे प्रदान किए गए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बालिकाओं को चश्मे वितरित करते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों की दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय रहते परीक्षण एवं उपचार सुनिश्चित कर उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आने देना है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी व एसपी ने बालिकाओं के साथ बैठकर भोजन किया तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराए जाने की स्थिति का जायजा लिया। भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार तैयार पाया गया। उन्होंने विद्यालय में बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने तथा स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर कक्षा 10 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली पांच पासआउट बालिकाओं तनु, लक्ष्मी, संध्या, लक्ष्मी प्रथम एवं संध्या प्रथम को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी छात्राओं को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए आगे की पढ़ाई में भी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से उनके शैक्षिक लक्ष्यों के संबंध में बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की।

संवाद के दौरान बालिकाओं ने उच्चीकृत एकेडमिक भवन तक आने-जाने वाले मार्ग पर इंटरलॉकिंग कार्य कराए जाने तथा बरसात के दौरान विद्यालय परिसर एवं आसपास जलभराव की समस्या से अवगत कराया। बालिकाओं की मांग को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को एकेडमिक भवन तक इंटरलॉकिंग कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनकी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
औचक निरीक्षण के दौरान एएसपी श्री मो0 आफताब आलम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा श्री पुनीत मणि त्रिपाठी, वार्डेन श्रीमती ज्योति स्वरूप, शिक्षिकाएं नीलम एवं सुषमा रानी सहित केजीबीवी सिरौली गौसपुर का समस्त स्टाफ एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।

















