रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

तहसील सिरौलीगौसपुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
शिकायतों पर डीएम ने मौके पर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, फरियादियों को शीघ्र राहत दिलाने पर बल
ग्रामवार भूमि विवाद चिन्हित कर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीमों से कराएं प्रभावी निस्तारण : डीएम
विभिन्न तहसीलों में आज 54 शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण

बाराबंकी, 05 सितम्बर 2026।जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील सिरौलीगौसपुर में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। इस दौरान एसपी श्री अर्पित विजयवर्गीय ,एएसपी,,, उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर श्री अनिल कुमार सरोज सहित समस्त सम्बन्धित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक एवं स्थायी राहत मिलनी चाहिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम टिकरी निवासी श्री इन्द्रसेन रावत द्वारा कस्बा बदोसराय में संचालित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में ट्रेजरी सुविधा संचालित कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसी प्रकार ग्राम खालसापुर निवासी श्रीमती मिथिलेश कुमारी पुत्री श्री राम हर्ष द्वारा गाटा संख्या से अवैध कब्जा हटाए जाने के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत किठूरी की समूह सखी श्रीमती सरिता देवी सहित अन्य समूह सखियों द्वारा अवशेष मानदेय का भुगतान कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया गया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित खंड विकास अधिकारी को बुलाया तथा नियमानुसार अवशेष मानदेय का भुगतान शीघ्र कराए जाने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम धुसड़िया के निवासियों द्वारा विद्युत ट्रांसफॉर्मर रखवाने एवं विद्युत कनेक्शन दिलाए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने तत्काल अधिशासी अभियंता हाइडिल को बुलाकर प्रकरण की जानकारी ली तथा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामवार भूमि विवादों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध किया जाए तथा राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीमों के माध्यम से मौके पर जाकर प्रकरणों का प्रभावी निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों के निस्तारण में दोनों विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो और अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
विभिन्न तहसीलों में आयी शिकायतें और निस्तारण
तहसील नवाबगंज में एडीएम की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 151 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया।तहसील राम सनेहीघाट में एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 99 में से 14 का, तहसील सिरौलीगौसपुर मे 98 प्रार्थना पत्रों में से 12 का, तहसील रामनगर में 89 में से 05 का, तहसील फतेहपुर में 32 में से 06 का तथा तहसील हैदरगढ़ में 53 में से 02 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

















