सागर में शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला! कमजोर छात्रों के लिए लगेंगी Extra Classes, स्कूलों को 100% रिजल्ट का लक्ष्य

रिपोर्ट, मनोज प्रजापति

शिक्षा विभाग की संभाग एवं जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

 

100 प्रतिशत विद्यार्थियों को मिले योजनाओं का लाभ, कमजोर छात्रों के लिए लगेंगी अतिरिक्त कक्षाएं

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार सागर जिले के शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शासकीय हाई/हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभाग एवं जिला स्तर के अधिकारियों ने शासन की कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा ‘नवभारत साक्षरता उल्लास कार्यक्रम’ को लेकर विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक को संबोधित करते हुए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण श्री शत्रुंजय प्रताप सिंह विसेन ने निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ विद्यालयों में अध्ययनरत शत-प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि ‘नवभारत साक्षरता उल्लास कार्यक्रम’ के अंतर्गत प्रत्येक प्राचार्य अपने विद्यालय क्षेत्र एवं संबंधित ग्रामों में निरक्षर व्यक्तियों को चिह्नित कर उन्हें ‘एनआईएलपी एमपी ऐप’ तथा पोर्टल पर पंजीकृत कराएं। इसके साथ ही अध्ययनरत विद्यार्थियों को ‘अक्षर साथी’ बनने के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले को पूर्ण साक्षर बनाया जा सके। श्री विसेन ने प्राचार्यों से वन-टू-वन चर्चा कर सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश भी दिए।जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन ने निर्देश दिए कि आगामी तिमाही परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही कमजोर विद्यार्थियों को चिह्नित कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन प्रारंभ किया जाए। उन्होंने सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में वार्षिक परीक्षा में 100 प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। श्री जैन ने स्पष्ट किया कि सभी शिक्षक, प्राचार्य एवं स्टाफ समय सीमा में ई-अटेंडेंस दर्ज कराएं तथा पूरे समय विद्यालय में उपस्थित रहें। इसके अतिरिक्त, विद्यालयों में स्मार्ट टीवी एवं इंटरैक्टिव टीवी पैनल के माध्यम से अध्यापन कार्य कराने, ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के तहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति हेतु अभिभावकों से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री उमाशंकर चाचौंदिया ने निरक्षरों के सर्वे, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन तथा अक्षर साथियों के पंजीयन की प्रगति की जानकारी दी। वहीं योजना अधिकारी श्री अभय श्रीवास्तव ने एसबीआई बैंक खातों को खोलने की प्रगति, दिव्यांग विद्यार्थियों का निर्धारित प्रपत्रों में रिकॉर्ड संधारण, जीर्ण-शीर्ण शाला भवनों की स्थिति एवं अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, कक्षा 1 वीं, 6वीं एवं 9वीं में नामांकन, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक एवं साइकिल वितरण, आईसीटी लैब, स्मार्ट टीवी संचालन तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की प्रगति, अपार आईडी, आधार अपडेट, यू-डायस प्लस पोर्टल पर छात्र प्रोग्रेशन तथा उमंग एवं उज्ज्वल सत्रों का संचालन आदि की समीक्षा की।समीक्षा बैठक में डाइट प्राचार्य श्री अखिलेश पाठक, प्रभारी सहायक संचालक श्रीमती मनीषा एलेक्जेंडर व श्री अभय श्रीवास्तव, जिला परियोजना समन्वयक, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, समस्त बीआरसीसी, विकासखंड सह-समन्वयक तथा जिला प्रौढ़ शिक्षा केंद्र से श्री शान मोहम्मद, श्री अतिन गुप्ता एवं श्री गंगाराम चौधरी सहित जिले के समस्त शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित थे। मध्य प्रदेश के सागर से ब्यूरो चीफ मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट जी भारत न्यूज़

Leave a Comment