सागर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश

, रिपोर्ट, मनोज प्रजापति।

समय-सीमा में राजस्व प्रकरणों के निराकरण, जनसुनवाई और वसूली में तेजी लाने के निर्देश

सागर। जिला कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की राजस्व गतिविधियों, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा आमजन से जुड़ी सेवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा सहित सभी राजस्व प्रकरण निर्धारित समय-सीमा में निराकृत किए जाएं और कोई भी प्रकरण समय-सीमा के बाहर लंबित न रहे। उन्होंने सार्थक एप के माध्यम से अधिकारियों की उपस्थिति दर्ज कराने तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का तत्परता और संतुष्टि के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में ई-पंजीयन के तहत शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य 20 अगस्त से 15 सितंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सत्यापन एवं अप्रूवल में तेजी लाने तथा पीएम किसान योजना में ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण कर किसानों को आधार से लिंक कराने पर जोर दिया गया, ताकि किसानों को आगामी वित्तीय वर्ष में योजनाओं का लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने आरसीएमएस में लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए एसडीएम कोर्ट में डिस्पोजल दर बढ़ाने के निर्देश दिए। यदि प्रकरणों की संख्या अधिक है तो कोर्ट दिवस बढ़ाकर मामलों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया। राजस्व न्यायालयों को निर्धारित दिवसों पर नियमित रूप से संचालित करने और सभी मामलों को ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

तहसीलवार वसूली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बकाया दारों को नोटिस जारी करने और वारंट तामिली की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। भू-अर्जन से संबंधित शिकायतों एवं राहत आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण कर पात्र हितग्राहियों तक राशि पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई से संबंधित प्रकरणों में अंतरिम रिपोर्ट के स्थान पर अंतिम रिपोर्ट भेजने के सख्त निर्देश दिए गए। वहीं अभिलेखों की नकल प्राप्त करने की निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि आम जनता को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े, यह शासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।बैठक में अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन सहित सभी एसडीएम एवं तहसीलदार मौजूद रहे। 

Leave a Comment