रिपोर्ट: निखिल शुक्ला

पुल तैयार, लेकिन संपर्क मार्ग न बनने से ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें; जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग।
प्रतापगढ़, मांधाता ब्लॉक के ग्राम पंचायत रामनगर के बासूराजा क्षेत्र में बकुलाही नदी इन दिनों उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने के चलते ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण, स्कूली छात्र-छात्राएं, बच्चे और नौजवान जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, उनकी सुविधा के लिए विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल द्वारा यहां नए पुल का शिलान्यास कराया गया था। पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन पुल के दोनों ओर संपर्क मार्ग नहीं बनाए जाने के कारण ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल के दोनों तरफ मिट्टी डालकर संपर्क मार्ग तैयार कर दिया जाता तो आवागमन सुचारु हो जाता और उन्हें उफनती नदी पार करने के लिए अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी पड़ती। संपर्क मार्ग के अभाव में पुल तैयार होने के बावजूद ग्रामीणों की समस्या जस की तस बनी हुई है।
बरसात बढ़ी तो और गंभीर हो सकती है स्थिति
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण बकुलाही नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। ऐसे में नदी पार करने की कोशिश करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। ग्रामीणों में किसी बड़े हादसे की आशंका को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कथित लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जिम्मेदार ठेकेदार के विरुद्ध जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और पुल के दोनों ओर जल्द से जल्द संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन सुरक्षित हो सके।
ग्रामीणों ने प्रतापगढ़ जिलाधिकारी से पूरे मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और संपर्क मार्ग का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की है।















