सावन में डाक विभाग की अनूठी पहल, शिवालयों में श्रद्धालुओं को मिला गंगोत्री का पवित्र गंगाजल

जमशेदपुर: सावन के पावन सोमवार के अवसर पर सिंहभूम मंडल डाक विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सराहनीय पहल करते हुए शहर एवं आसपास के प्रमुख शिवालयों में विशेष गंगाजल स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मात्र 30 रुपये में गंगोत्री का पवित्र गंगाजल उपलब्ध कराया गया।

डाक विभाग की इस पहल से उन श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिली, जो दूर-दराज से शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे थे। मंदिर परिसरों में लगाए गए स्टॉलों पर भक्तों को आसानी से गंगाजल उपलब्ध कराया गया।

जायदा मंदिर में टीम ने संभाली व्यवस्था

चांडिल के जायदा मंदिर में चांडिल उप डाकघर की टीम ने श्रद्धालुओं के लिए गंगाजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संभाली। रिलेशनशिप मैनेजर सह डाक सहायक देबाशीष आश के नेतृत्व में पूरी टीम ने मंदिर परिसर में व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा और श्रद्धालुओं को सुविधा के साथ गंगाजल उपलब्ध कराया।

चित्रेश्वर महादेव मंदिर में भी रही विशेष व्यवस्था

वहीं बहरागोड़ा के प्रसिद्ध चित्रेश्वर महादेव मंदिर में भी डाक विभाग की ओर से विशेष स्टॉल लगाया गया। बहरागोड़ा उप डाकघर की टीम का नेतृत्व चंडी चरण साधु ने किया। उनकी टीम ने मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए गंगाजल वितरण की व्यवस्था संभाली।

98 बोतल गंगाजल की कराई गई विशेष व्यवस्था

अभियान के दौरान गंगाजल की उपलब्धता में किसी तरह की कमी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था भी की गई। रिलेशनशिप मैनेजर उज्ज्वल दासगुप्ता ने अपने व्यक्तिगत संपर्कों का उपयोग करते हुए अमितेश कुमार के सहयोग से 98 बोतल गंगाजल विशेष रूप से उपलब्ध कराया।

अंतिम श्रद्धालु तक पहुंचाने पर रहा जोर

अभियान की सफलता के लिए वरिष्ठ डाकपाल सुधीर कुमार की विशेष निगरानी रही। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि गंगाजल की उपलब्धता आम श्रद्धालुओं से लेकर अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित की जाए।

डाक विभाग की इस पहल ने सावन के दौरान श्रद्धालुओं को धार्मिक सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सेवा और सामाजिक सरोकार का भी संदेश दिया। विभागीय कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी और बेहतर प्रबंधन के कारण यह अभियान श्रद्धालुओं के बीच काफी सराहनीय रहा।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment