चिकित्सा, फलाहार, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं रहीं सुनिश्चित, डीएम ने अधिकारियों को दिए सुचारु व्यवस्थाओं के निर्देश

बाराबंकी, 09 अगस्त 2026। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के दृष्टिगत कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने असेनी मोड़ स्थित चिकित्सा एवं फलाहार शिविर का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कांवड़ियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा स्वयं श्रद्धालुओं को फलाहार वितरित किया। साथ ही कावड़ियों का पुष्प डालकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

जिलाधिकारी ने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा, पेयजल, फलाहार एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के दौरान जनपद से होकर गुजरने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें।
असेनी मोड़ स्थित शिविर में स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम द्वारा कांवड़ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए फलाहार, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने चिकित्सा टीम से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपचार एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, यातायात व्यवस्था तथा प्राथमिक उपचार की सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन द्वारा श्रावण मास के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















