चाईबासा में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान तेज, 8-9 और 22-23 अगस्त को लगेंगे विशेष शिविर

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 को सफल बनाने और आम नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से अपर उपायुक्त सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एआरओ), मझगांव विधानसभा क्षेत्र की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया जा चुका है। अब 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए दावा एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। सभी आवेदनों के सत्यापन एवं निष्पादन के बाद 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

अपर उपायुक्त सह एआरओ ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 08-09 अगस्त तथा 22-23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के माध्यम से नए नाम जोड़ने, नाम हटाने एवं संशोधन संबंधी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक ‘होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन करेंगे ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

15 अगस्त 2026 को जिले के सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन होगा, जिसमें बीएलओ एवं चुनाव पाठशाला के सदस्य मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान की जानकारी ग्रामीणों को देंगे।

प्रेस वार्ता में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन मतदाताओं का नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें प्रपत्र-6, आवश्यक घोषणा-पत्र एवं निर्धारित दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा।

अपर उपायुक्त सह एआरओ ने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र या विशेष शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा आवश्यक सुधार कराने की अपील की। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 अथवा निर्वाचन आयोग के ECINET App का उपयोग किया जा सकता है।

प्रेस वार्ता में अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर, सदर एवं जगन्नाथपुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment