जमशेदपुर: लोकसभा सत्र के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कोल्हान क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में औद्योगिक विकास, अंतर्राज्यीय संपर्क और आम लोगों की आवाजाही को नई गति मिलेगी।

मुलाकात के दौरान सांसद ने पारडीह काली मंदिर (NH-18) से पटमदा, काटिन, बंधवान, झिलमिली होते हुए पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा तक नई सड़क के निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि इससे जमशेदपुर और दुर्गापुर स्टील प्लांट के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा तथा माल परिवहन और यातायात सुगम बनेगा।
सांसद ने एनएच-220 को चाईबासा–हाता से आगे जादूगोड़ा, मुसाबनी, घुड़ाबांदा होते हुए ओडिशा के बंबई चौक तक विस्तारित करने की भी मांग रखी। उनका कहना था कि इससे खनन एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और झारखंड–ओडिशा के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
उन्होंने Central Road and Infrastructure Fund (CRIF) के तहत धालभूमगढ़–नरसिंहगढ़ रेलवे लेवल क्रॉसिंग से मुसाबनी–डुमरिया मार्ग होते हुए ओडिशा सीमा तक लगभग 16.825 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण को मंजूरी देने का अनुरोध किया। करीब 118.65 करोड़ रुपये की इस परियोजना से भैरवपुर, छोड़िया, उबीसा, धरासाई, पम्पूघाट और बलियागोड़ा सहित कई ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा सांसद ने बामडोल घाट मार्ग पर स्वर्णरेखा नदी पर 162.14 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय (H.L.) PSC पुल निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी और अंतर्राज्यीय आवागमन को नई मजबूती देगा।
सांसद ने धालभूमगढ़ फ्लाईओवर के स्थायी सुदृढ़ीकरण की भी मांग करते हुए फ्लाईओवर के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर तक उच्च गुणवत्ता वाली PQC (सीमेंट कंक्रीट) सड़क निर्माण कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त होने से लोगों को परेशानी होती है और हर साल मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है।
सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इन सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया। उनका विश्वास है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से कोल्हान क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
— जमशेदपुर से बृजराज सिंह की रिपोर्ट














