चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस अधीक्षक कार्यालय, चाईबासा स्थित सभागार में गुरुवार को सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) श्री अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में इंटर स्टेट बोर्ड मीटिंग का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।

बैठक में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) एवं विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य तीनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना तथा आपसी समन्वय बढ़ाना था।
बैठक के दौरान नक्सल गतिविधियों, मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी और पशु तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नक्सली संगठनों की गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया तथा उनके विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ।
इसके अलावा ड्रग्स एवं पशु तस्करी में संलिप्त अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए तीनों राज्यों की पुलिस के बीच सूचना साझा करने, संयुक्त अभियान चलाने और समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर (ग्रामीण एवं नगर) सहित ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।














