संसद में साधु-संतों के कथित अपमान पर विहिप का विरोध, पप्पू यादव और राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप

जमशेदपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) सिंहभूम विभाग ने संसद भवन में साधु-संतों के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचना की है। विहिप के सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह ने प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि इस घटना से संत समाज और सनातन धर्मावलंबियों की भावनाएं आहत हुई हैं।

अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि संसद में भगवा वस्त्र धारण कर साधु-संतों का उपहास किया गया, जिसे विहिप गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस नेताओं पर हिंदू आस्था से जुड़े विषयों के अपमान के आरोप लगते रहे हैं।

विहिप नेता ने कहा कि संगठन इस मुद्दे पर देशभर में विरोध दर्ज कराएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को बार-बार आहत करने के प्रयास स्वीकार नहीं किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि आंदोलन का भी उल्लेख किया।

विहिप की ओर से जारी इस प्रेस वक्तव्य में पप्पू यादव और राहुल गांधी के खिलाफ कई राजनीतिक और धार्मिक आरोप लगाए गए हैं।

दूसरा पक्ष: इस मामले पर समाचार लिखे जाने तक सांसद पप्पू यादव, राहुल गांधी या कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

रिपोर्टर: बृजराज सिंह

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment