जमशेदपुर/रांची: झारखंड सरकार ने राज्य की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की मौजूदगी में परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच जमशेदपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान झारखंड के युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित ड्राइविंग प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार कौशल विकास, रोजगार सृजन और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों के लाभुकों से सीधा संवाद कर ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाइसेंस से जुड़े लंबित आवेदनों का जल्द निष्पादन किया जाए और पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी तथा समयबद्ध बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को परिवहन क्षेत्र में अधिक अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण और लाइसेंस प्रक्रिया को और अधिक सुलभ बनाया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि राज्य के 10 हजार से अधिक नागरिकों को ड्राइविंग और लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही परिवहन विभाग को हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया भी सरल और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा मोटर्स के सहयोग से स्थापित होने वाला IDTR आधुनिक प्रशिक्षण, अनुसंधान और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में झारखंड के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुआ, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, सचिव राजीव रंजन, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन, टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया, जनरल मैनेजर गोलम मंडल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे














