अकबरपुर, कानपुर देहात | संवाददाता : रोमेश

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर जनपद कानपुर देहात में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी द्वारा आज अकबरपुर-रनियां विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का आयोजन करसा अकबरपुर स्थित सिंह लॉन में होगा, जहां पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के आयोजक जितेंद्र सिंह गुड्डन ने बताया कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उनका कहना है कि कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मेलन संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और कार्यकर्ताओं के मनोबल को मजबूत करेगा।
राजनीतिक हलकों में भी इस सम्मेलन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, सम्मेलन के दौरान किसी संभावित प्रत्याशी की घोषणा को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में सभी की निगाहें इस आयोजन पर बनी हुई हैं।
Zee Bharat News














