पश्चिमी सिंहभूम में 14 नवंबर को कमजोर विद्यार्थियों की होगी विशेष परीक्षा, उपायुक्त मनीष कुमार ने दिए निर्देश

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार ने ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक स्तर और परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान कमजोर विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने के लिए 14 नवंबर को जिला स्तरीय विशेष परीक्षा आयोजित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार सहित जिले के सभी उच्च विद्यालयों एवं इंटर महाविद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। झारखंड अधिविद्य परिषद के निर्धारित नियमों के अनुसार बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों की न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। इससे कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को सामान्य प्रक्रिया के तहत परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं मिलेगी।

हालांकि, विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। प्रोजेक्ट परख के तहत 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले तथा अत्यंत कमजोर विद्यार्थियों के लिए 14 नवंबर को विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में निर्धारित मानदंडों के अनुसार सफल होने वाले विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा का आवेदन फॉर्म भरने का अवसर मिलेगा।

कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के चिह्नित कमजोर विद्यार्थियों की परीक्षा भी 14 नवंबर को आयोजित की जाएगी। वहीं, कला एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा छठ पर्व के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।

विशेष परीक्षा के आयोजन के लिए जिले के तीनों अनुमंडलों सदर चाईबासा, चक्रधरपुर एवं जगन्नाथपुर में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। उपायुक्त ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि चिह्नित विद्यार्थियों की कक्षावार एवं विषयवार सूची 12 नवंबर तक जिला शिक्षा कार्यालय में जमा करें। साथ ही परीक्षा के पाठ्यक्रम, प्रश्नों, अंकों के निर्धारण और अन्य तैयारियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बाल दिवस एवं झारखंड स्थापना दिवस की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 14 नवंबर को सभी विद्यालयों में बाल दिवस मनाया जाए। इसके साथ ही इस महीने 20 नवंबर के बजाय 14 नवंबर को ही तिथि भोज एवं सह-जन्मोत्सव का आयोजन किया जाए। वहीं, 15 नवंबर से सभी विद्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाने तथा झारखंड स्थापना दिवस पर निर्धारित कार्यक्रमों के साथ स्वच्छता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रोजेक्ट परख के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग दिया जाए, ताकि कोई भी विद्यार्थी शिक्षा और परीक्षा के अवसर से वंचित न रहे।

उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को आगामी बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की तैयारी में तेजी लाने और बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध तरीके से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

ब्यूरो रिपोर्ट, पश्चिमी सिंहभूम।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment