जमशेदपुर। बागबेड़ा कॉलोनी स्थित डिस्पेंसरी मैदान में गोधन पूजा एवं पारंपरिक गोधन कुटाई उत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। जिला परिषद सदस्य डॉ. कविता परमार के सौजन्य से आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सामूहिक पूजा-अर्चना से हुई। इस दौरान गाय के गोबर से प्रतीकात्मक रूप से गोधन भगवान एवं विभिन्न पारंपरिक आकृतियां बनाई गईं। इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों के बीच सामूहिक रूप से गोधन कुटाई की रस्म निभाई। मूसल से गोधन कूटने की परंपरा के दौरान महिलाओं ने अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान डिस्पेंसरी मैदान में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा। महिलाओं की भागीदारी और पारंपरिक लोकगीतों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य डॉ. कविता परमार ने कहा कि गोधन पूजा हमारी समृद्ध सनातनी परंपरा और लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत करने के साथ-साथ प्रकृति, पर्यावरण और गोवंश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बागबेड़ा की महिलाओं ने जिस उत्साह और एकजुटता के साथ इस पर्व को मनाया, वह सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सद्भाव का सुंदर उदाहरण है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गोधन पूजा की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में पारंपरिक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।















