जमशेदपुर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते दो युवक गिरफ्तार, 25 पुड़िया नशीला पदार्थ बरामद

जमशेदपुर, 05 नवंबर 2026: पूर्वी सिंहभूम जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 25 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका कुल वजन लगभग 4.13 ग्राम बताया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को 5 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि जमशेदपुर के शंकोसाई रोड नंबर-4 स्थित सिंचाई विभाग एवं गंगा हॉस्पिटल के पास कुछ व्यक्तियों द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। इस दौरान दो युवकों को कथित रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 25 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार प्रजापति (27 वर्ष), पिता प्रेम प्रजापति, निवासी शंकोसाई रोड नंबर-1, जेपी स्कूल के आगे तथा रोहित कुमार शर्मा उर्फ बाली, पिता रविन्द्र शर्मा, निवासी शंकोसाई रोड नंबर-5, जेपी स्कूल केदार बागान, थाना ओलीडीह, जमशेदपुर के रूप में हुई है।

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार, ओलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली, पुलिस अवर निरीक्षक रविन्द्र पाण्डेय, अभिषेक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक नरेन्द्र कुमार राय, अजय लकड़ा सहित ओलीडीह ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस द्वारा इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment