जालौन: सरस दीपावली महोत्सव में डीएम एवं एसपी ने स्टालों का किया अवलोकन, स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर बढ़ाया उत्साह

जालौन: उत्पादों को प्रोत्साहन देने, स्वदेशी को बढ़ावा देने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, उरई में पहली बार आयोजित जनपद स्तरीय दीपावली प्रदर्शनी एवं सरस महोत्सव आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 04 से 06 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न स्थानीय उत्पादों के स्टाल लगाए गए हैं, जहां जनपदवासी उत्साहपूर्वक खरीदारी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी समीर एवं पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने सरस महोत्सव में लगे विभिन्न स्टालों एवं दुकानों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं स्थानीय उद्यमियों से संवाद कर उनके उत्पादों और बिक्री की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन भी किया।

सरस महोत्सव की विशेष उपलब्धि यह है कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने स्टालों पर क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई है। ग्राहक मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर आसानी से ऑनलाइन भुगतान कर रहे हैं। गांवों की महिलाएं अपने उत्पाद बेचकर डिजिटल माध्यम से भुगतान प्राप्त कर रही हैं। यह तस्वीर बदलते भारत और डिजिटल इंडिया की दिशा में बढ़ते कदमों को दर्शाती है। स्थानीय हुनर के साथ आधुनिक तकनीक का यह संगम ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देने की सराहनीय पहल है।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि दीपावली पर अपनी आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी इस महोत्सव से अवश्य करें और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों एवं महिला उद्यमियों की मेहनत को प्रोत्साहन मिलेगा और जनपद की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित यह महोत्सव आने वाले वर्षों में एक सुंदर परंपरा बने, ताकि प्रत्येक वर्ष इसी भव्यता और उत्साह के साथ इसका आयोजन किया जा सके। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं तथा 06 नवंबर तक प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह महोत्सव स्वदेशी, स्थानीय संस्कृति, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास बन रहा है।

ShobhitPandey
Author: ShobhitPandey

Leave a Comment