चांडिल डैम की खूबसूरती देख मंत्रमुग्ध हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी तेज

झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में राज्य सरकार एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने परिजनों के साथ प्रसिद्ध चांडिल डैम का भ्रमण किया। इस दौरान डैम की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण को देखकर मुख्यमंत्री काफी अभिभूत नजर आए। उन्होंने चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन परिजनों के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के धातकीडीह जाने के क्रम में चांडिल डैम पहुंचे। यहां उन्होंने डैम के विहंगम दृश्य और आसपास के प्राकृतिक वातावरण का आनंद लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ डैम के विकास और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

पर्यटन सुविधाओं को आधुनिक बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चांडिल डैम में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, आवागमन और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए। विशेष रूप से नौकायन (बोटिंग) की व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। योजनाबद्ध तरीके से विकास होने पर यह स्थल झारखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।

स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री ने पर्यटन विकास को स्थानीय रोजगार से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को भी विकास का लाभ मिलेगा।

पर्यावरण संरक्षण के साथ होगा क्षेत्र का विकास

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चांडिल डैम और उसके आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण अनुकूल कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने जल प्रबंधन, चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने तथा बिजली उत्पादन एवं संवर्धन से जुड़े पहलुओं पर भी आवश्यक कार्ययोजना बनाने को कहा। मुख्यमंत्री का जोर इस बात पर रहा कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना क्षेत्र का विकास किया जाए।

कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल के एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे से चांडिल डैम को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने और क्षेत्र में पर्यटन आधारित रोजगार की संभावनाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी है।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment