जमशेदपुर। बागबेड़ा में श्री कृष्ण मेमोरियल संघ के तत्वावधान में बिहार केशरी एवं महान जननेता डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में बिहार और झारखंड के कई गणमान्य अतिथियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों एवं स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। पूरा कार्यक्रम श्रीकृष्ण बाबू के आदर्शों, विचारों और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री बाबूलाल शौर्य उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह एवं जमशेदपुर ब्रह्म ऋषि विकास मंच के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार शामिल हुए।
समारोह का विधिवत शुभारंभ श्रीकृष्ण सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
शिक्षा और समाज सेवा में योगदान देने वाली विभूतियां सम्मानित
समारोह का विशेष आकर्षण समाज सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों का सम्मान रहा। श्री कृष्ण मेमोरियल संघ की ओर से चयनित प्रतिभाओं को ‘श्रीकृष्ण सिंह सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी सम्मानित व्यक्तियों को मोमेंटो एवं शॉल भेंटकर उनके सामाजिक और शैक्षणिक योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
सम्मानित होने वालों में शिक्षाविद हरि बल्लभ सिंह आरसी, डीके मिश्रा, एसएस मिश्रा, अनिल शर्मा, केपी सिंह, देवेंद्र ठाकुर, समाजसेवी पारस मिश्रा, प्रवीण सेठी, पुनीत जीवन संस्था की मंजू देवी तथा अनुग्रह नारायण सेवा संस्थान के सीएसपी सिंह शामिल रहे।
श्रीकृष्ण बाबू को भारत रत्न देने के लिए चलेगा हस्ताक्षर अभियान
मुख्य अतिथि विधायक बाबूलाल शौर्य ने अपने संबोधन में श्रीकृष्ण सिंह जी के ऐतिहासिक योगदान, दूरदर्शी सोच और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि आज भी उनकी जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है, जो उनके महान व्यक्तित्व और समाज पर छोड़ी गई अमिट छाप का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण बाबू के आदर्श आज भी समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान दिलाने के उद्देश्य से उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ प्रदान करने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने की बात कही।
सैकड़ों लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को बनाया यादगार
कार्यक्रम का सफल संचालन भास्कर जी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मनीष जी ने प्रस्तुत किया। समारोह को सफल बनाने में मनोज कुमार मन्नू, संतोष ठाकुर, वीरेंद्र तिवारी, सुशील कुमार, चंदन, अजय, लखविंदर कुमार, राकेश, भोला झा, दीपू सिंह एवं जयकुमार सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर ब्रह्म ऋषि महिला मंच की तमाम महिला सदस्याओं के साथ सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने श्रीकृष्ण सिंह जी के जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया।
समारोह के माध्यम से न केवल महान विभूति को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, बल्कि शिक्षा, सामाजिक सेवा, एकता और जनकल्याण के उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।
















