रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
बाराबंकी, 07 अक्टूबर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल और सुचारु संचालन के लिए बाराबंकी में फील्ड ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, अयोध्या रोड, रसौली के निकट किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने किया। जनपद के कुल 118 फील्ड ट्रेनरों को दो बैचों में चार मास्टर ट्रेनरों द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डिजिटल गणना और प्रश्नावली भरने की दी जाएगी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के द्वितीय चरण में होने वाले जनसंख्या गणना कार्य की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसमें ऐप आधारित डिजिटल गणना, प्रश्नावली भरने, सूचनाओं के सही संकलन और सत्यापन सहित जनगणना कार्य से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं और बारीकियों का प्रशिक्षण शामिल है।
सटीक आंकड़े विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला: डीएम
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का प्रमाणिक आधार उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के बेहतर नियोजन और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित करती है।
जिलाधिकारी ने फील्ड ट्रेनरों से प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य की प्रत्येक प्रक्रिया और बारीकी को गंभीरता से समझने का आह्वान किया, ताकि फील्ड स्तर पर गणना कार्य में त्रुटि की संभावना कम से कम रहे।
उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता काफी हद तक फील्ड ट्रेनरों और प्रगणकों की दक्षता पर निर्भर करेगी। इसलिए प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को पूरी तरह आत्मसात कर फील्ड में कार्यरत कार्मिकों को भी स्पष्ट और व्यवहारिक तरीके से प्रशिक्षित किया जाए। उन्होंने समयबद्धता, शुद्धता, गोपनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी पंकज वर्मा ने कहा कि जनगणना का कार्य व्यापक स्तर पर किया जाना है। इसलिए सभी संबंधित कार्मिक अपने दायित्वों को गंभीरता से समझें और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करें।
अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी निरंकार सिंह ने भी प्रशिक्षण की उपयोगिता और जनगणना कार्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रशिक्षुओं से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
01 दिसंबर से 04 जनवरी तक होगी जनसंख्या गणना
सहायक निदेशक जनगणना एवं जिला प्रभारी जनगणना अजय सिंह भारती ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में फील्ड स्तर पर जनसंख्या गणना का कार्य 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रगणकों द्वारा प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार कुल 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देशों के साथ डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन और फीडिंग की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
अधिकारी और कार्मिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में जॉइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, संबंधित अधिकारी, चार मास्टर ट्रेनर, नामित फील्ड ट्रेनर सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
















