बाराबंकी जनपद न्यायालय में मनी गांधी-शास्त्री जयंती: जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव ने किया नमन, POCSO जागरूकता बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

रिपोर्ट,सुरेंद्र सिंह चौहान।

जनपद न्यायालय में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती समारोह आयोजित, पोक्सो जागरूकता बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

जनपद न्यायाधीश ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

बाराबंकी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को जनपद न्यायालय परिसर में गरिमापूर्ण वातावरण में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश श्रीमती वंदना सिंह, श्रीमती अल्पना सक्सेना, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री विनय कुमार सिंह, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रमन लाल द्विवेदी, महामंत्री श्री प्रदीप कुमार श्रीवास्तव सहित समस्त न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन जरूरी

अपने संबोधन में जनपद न्यायाधीश श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव ने कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन-मूल्यों और आदर्शों को आत्मसात कर उनके बताए मार्ग पर चलना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर उनका ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना भी आवश्यक है।

उन्होंने न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से वर्तमान में चल रहे पोक्सो जागरूकता अभियान के तहत समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि न्यायालय का वातावरण ऐसा होना चाहिए, जहां पीड़ित और पीड़ित परिवार स्वयं को सुरक्षित एवं सहज महसूस कर सकें।

बार और बेंच के बेहतर समन्वय पर जोर

जनपद न्यायाधीश ने बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और न्यायालय के अधिकारी के रूप में उनकी भी जिम्मेदारी है कि आमजन को सरल एवं सुलभ तरीके से न्याय प्राप्त हो।

इस दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री विनय कुमार सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुभाष चंद्र तिवारी तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री उज्ज्वल उपाध्याय ने भी अपने विचार व्यक्त किए और महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन तथा आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन अपर सत्र न्यायाधीश श्री श्रीकृष्ण चंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन भी किया गया।

पोक्सो जागरूकता बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

गांधी जयंती के अवसर पर चल रहे पोक्सो जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद न्यायालय परिसर से पुलिस बाइक रैली का आयोजन भी किया गया। जनपद न्यायाधीश श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव ने जनपद न्यायालय के गेट नंबर-1 से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में महिला आरक्षियों सहित पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पोक्सो अधिनियम और बाल यौन अपराधों से संबंधित जागरूकता पंपलेट आमजन तक पहुंचाए गए।

रैली का उद्देश्य आमजन को पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बच्चों की सुरक्षा और बाल यौन अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने तथा समाज में न्याय, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Leave a Comment