बाराबंकी कलेक्ट्रेट में धूमधाम से मनी गांधी व शास्त्री जयंती: DM ईशान प्रताप सिंह ने किया ध्वजारोहण, दिलाई स्वच्छता की शपथ

रिपोर्ट,सुरेंद्र सिंह चौहान।

बापू और शास्त्री जी को श्रद्धांजलि देकर स्वच्छता की दिलाई शपथ, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

बाराबंकी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बाराबंकी कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी।

अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ

ध्वजारोहण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन, कार्यस्थल और आसपास के परिवेश को स्वच्छ एवं प्लास्टिक-मुक्त रखने का आह्वान किया।

बापू के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के आदर्श आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। स्वच्छ परिवेश से ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने पदीय दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने को कहा। साथ ही जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

 

Leave a Comment