मऊ में अनीश हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; दो तमंचे और कारतूस बरामद

रिपोर्ट,सुरेश चंद्रा ब्यूरो चीफ मऊ।

मऊ, 16 सितंबर 2026। थाना चिरैयाकोट क्षेत्र में हुई अनीश कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस 315 बोर और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में थाना चिरैयाकोट, रानीपुर, मुहम्मदाबाद गोहना, सर्विलांस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।

अबदोपपुर जाने वाली सड़क के पास से गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, 15/16 सितंबर 2026 की रात अब्दोपुर जाने वाली पक्की सड़क के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कुमार उर्फ रितिक रोशन, निवासी तालभीतर, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर और प्रदीप राम, निवासी जलालाबाद, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मोहित कुमार के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस 315 बोर, जबकि प्रदीप राम के पास से भी एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया।

विवाद का बदला लेने के लिए हमले का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गोलू नाम के व्यक्ति के साथ अमिरहा गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वहां गोल्डी और गोलू के बीच रानीपुर क्षेत्र में हुए पुराने विवाद को लेकर बातचीत के दौरान विवाद हो गया था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि इसी विवाद का बदला लेने के लिए 14 सितंबर की शाम करीब पांच बजे वे गोलू और अपने अन्य साथियों के साथ सरसेना पेट्रोल पंप के आगे काझा के पास घात लगाकर बैठे थे।

इसी दौरान गोल्डी और अनीश कुमार वहां पहुंचे। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और आरोपियों की ओर से फायरिंग की गई। गोली लगने से अनीश कुमार की मौत हो गई, जबकि गोल्डी मौके से भाग निकला। भागते समय पल्सर मोटरसाइकिल वहीं छूट गई थी।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 107/26, धारा 3(5), 103(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी:

– 02 तमंचे
– 02 जिंदा कारतूस, 315 बोर
– घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल

नोट: आरोपियों से पूछताछ में सामने आई घटना की कहानी पुलिस के अनुसार है; मामले में अंतिम तथ्य विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर निर्धारित होंगे।

चिरैयाकोट सरसेना में युवक की गोली मारकर हत्या | मऊ हत्याकांड
14 सितंबर 2026

Leave a Comment