कानपुर देहात पुलिस ने थाना भोगनीपुर क्षेत्र में अमेजन कंपनी के हाई-वैल्यू पार्सलों से जुड़ी कथित धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में एक पार्सल डिलीवरी बॉय तथा उसका एक साथी शामिल है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी महंगे पार्सलों को ग्राहकों तक पहुंचाने से पहले उनमें रखे मूल सामान को निकालकर उसकी जगह नकली अथवा कम मूल्य का सामान रख देते थे। इसके बाद ऑर्डर निरस्त (कैंसिल) कर आर्थिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया जाता था। इस तरीके से कंपनी और ग्राहकों दोनों को नुकसान पहुंचाने की आशंका जताई गई है।
पुलिस ने मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से बरामद सामग्री एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस प्रकार की धोखाधड़ी में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता तो नहीं है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले का सफल अनावरण पुलिस टीम की सतर्कता और तकनीकी जांच के आधार पर किया गया। उन्होंने कहा कि आमजन के विश्वास के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
ज़ी भारत न्यूज़
संवाददाता: रोमेश अकबरपुर, कानपुर देहात









