- कानपुर देहात।
पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के उद्देश्य से जनपद न्यायालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला जज रविंद्र सिंह ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। तभी ऐसे अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और मातृत्व के सम्मान का प्रतीक है। यदि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारी एवं कर्मचारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
सम्वाददाता : रोमेश
ज़ी भारत न्यूज़ हिंदी
अकबरपुर, कानपुर देहात








