जादूगोड़ा में 452 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त

सौरभ कुमार, जादूगोड़ा

जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 452 ग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गांजा के अलावा एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि स्वासपुर गांव के पास पुराना राखा माइंस की ओर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर गांजा की बिक्री और तस्करी कर रहा है।

सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में छापेमारी की गई।छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्वासपुर निवासी नागेन भकत (45 वर्ष), पिता सुभाष भकत, को संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल (JH05DK-6337) के साथ रोका। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक के बैग से 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 452 ग्राम गांजा, वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। इस संबंध में जादूगोड़ा थाना कांड संख्या 31/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(A) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक मो. मुस्ताक अंसारी सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Comment