राखी प्रतियोगिता को लेकर डाक विभाग की बड़ी तैयारी, सिंहभूम मंडल के 300 स्कूलों में चलेगा अभियान

जमशेदपुर: रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर भारतीय डाक विभाग, सिंहभूम मंडल द्वारा आयोजित होने वाली ‘राखी प्रतियोगिता’ को सफल बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने की, जबकि झारखंड परिमंडल के विपणन (मार्केटिंग) नोडल पदाधिकारी अमित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक में उप डाक अधीक्षक गुड़िया कुमारी, सिंहभूम मंडल के तीनों जिलों के सहायक डाक अधीक्षक, डाक निरीक्षक तथा सभी अनुमंडलों के रिलेशनशिप मैनेजर (आरएम) शामिल हुए। इस दौरान प्रतियोगिता को व्यापक स्तर पर सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के लगभग 300 स्कूलों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्येक विद्यालय का व्यक्तिगत दौरा कर विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की जानकारी दें, ताकि कोई भी स्कूल इस अभियान से वंचित न रहे।

बैठक में एक भावनात्मक पहल के तहत यह भी तय किया गया कि जिन बहनों के सगे भाई नहीं हैं, उन्हें भारतीय सेना के जवानों को राखी भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे बच्चों और युवाओं में देशभक्ति एवं सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए तीन स्तरों पर पुरस्कार दिए जाएंगे। विद्यालय स्तर पर 50 प्रतिभागियों वाले स्कूलों के पांच तथा 100 से अधिक प्रतिभागियों वाले स्कूलों के दस श्रेष्ठ प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं मंडल स्तर पर तीनों जिलों के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा पूरे झारखंड परिमंडल के शीर्ष 10 विजेताओं को मुख्य पोस्टमास्टर जनरल द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

डाक विभाग का विशेष फोकस प्राथमिक विद्यालयों, मध्य विद्यालयों, प्ले स्कूलों और किडजी जैसे संस्थानों पर रहेगा, ताकि बचपन से ही बच्चों में भाई-बहन के प्रेम, भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का विकास हो सके।

इसके साथ ही डाक विभाग इस अभियान को स्कूलों से आगे बढ़ाते हुए आवासीय सोसायटियों और कॉलोनियों तक भी पहुंचाएगा। विभिन्न सोसायटियों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां स्पीड पोस्ट के माध्यम से राखी भेजने की सुविधा उपलब्ध होगी। त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख स्थानों पर मोबाइल पोस्ट ऑफिस (चलंत डाकघर) और विशेष बुकिंग कियोस्क भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि बहनों को राखी भेजने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह अभियान न केवल रक्षाबंधन पर्व को यादगार बनाएगा, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और डाक विभाग की जनसेवा की भावना को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment