रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
न्यायालयों में पारित आदेशों के अमलदरामद एवं राजस्व अभिलेखों की स्थिति का किया सत्यापन
जनसमस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, लंबित राजस्व वादों में तेजी एवं कार्यालयीय कार्यों में पारदर्शिता के दिए निर्देश
बाराबंकी,18 जून 2026-जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह द्वारा गुरुवार को तहसील रामनगर का औचक निरीक्षण किया गया।उन्होंने तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, अभिलेखागार, न्यायालयों एवं जनसुविधाओं का अवलोकन कर राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए तथा उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं सम्मानजनक व्यवहार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने जनता दर्शन एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा शिकायतों के नियमित अनुश्रवण पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार न्यायालय एवं अन्य राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की समीक्षा की। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय में पूर्व में पारित आदेशों से संबंधित पत्रावलियों को औचक रूप से निकलवाकर उनका परीक्षण किया तथा संबंधित प्रकरणों की खतौनियां मंगवाकर आदेशों के अनुपालन एवं अमलदरामद की स्थिति का सत्यापन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए लंबित प्रकरणों में तेजी लाई जाए। साथ ही अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, राजस्व अभिलेखों के नियमित अद्यतन एवं कार्यालयीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

तहसील निरीक्षण से पूर्व जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अपेक्षित गति से न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजना से संबंधित सभी कार्यों में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि लोधेश्वर महादेवा धाम जनपद का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है, इसलिए कॉरिडोर निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम(वि/रा)श्री निरंकार सिंह, उपजिलाधिकारी रामनगर श्री आनंद तिवारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










