पश्चिमी सिंहभूम से स्टेट प्रभारी, झारखंड, अनूप श्रीवास्तव की रिपोर्ट जी भारत न्यूज़
राशनकार्ड धारियों के बीच खाद्यान्न एवं धोती/लुंगी/साड़ी का वितरण, योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिए निर्देश
पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी जन वितरण प्रणाली दुकानों में आहार दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राशनकार्ड धारियों के बीच निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न के साथ-साथ राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत धोती, लुंगी एवं साड़ी का वितरण किया गया। आहार दिवस के सफल संचालन एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लेने हेतु आज जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत रुहीडीह पंचायत के पाताहातु गांव और भोया पंचायत के पोरलोंग गांव स्थित जन वितरण प्रणाली दुकानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस सुश्री ईरा जोरवाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती सुनीला खलको तथा खूंटपानी अंचलाधिकारी श्री फुलेश्वर साव भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पीडीएस दुकानों में आगत पंजी, वितरण पंजी, उपलब्ध खाद्यान्न भंडार, भंडारण की स्थिति तथा वितरण व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने लाभुकों से संवाद कर खाद्यान्न वितरण की नियमितता, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही लाभुकों के बीच धोती, लुंगी एवं साड़ी का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को निर्देशित किया कि खाद्यान्न वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखें तथा सभी अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करें।

पीडीएस दुकानों के निरीक्षण उपरांत उपायुक्त ने पोरलोंग आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस कार्यक्रम का जायजा लिया। उपायुक्त ने उपस्थित लाभुकों एवं कर्मियों से संवाद कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण सेवाओं तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित विभागीय कर्मियों को निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को निर्धारित सभी सेवाएं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं तथा समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता को और सुदृढ़ किया जाए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लाभुक संतुष्टि तथा सेवा वितरण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं क्षेत्रीय निरीक्षण जारी रहेगा। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने क्षेत्र में संचालित पुरनिया पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य निष्पादन का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को निर्देश दिया कि पंचायत भवन का सुदृढ़ीकरण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि पंचायत स्तर पर प्रशासनिक एवं जनसेवा गतिविधियों का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके। इस क्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं आम जनों के द्वारा पंचायत को नशा मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प लिया गया।










