बाराबंकी के बेलहरा में धूमधाम से मनाई गई बकरीद | भाईचारे की दिखी मिसाल

बेलहरा, बाराबंकी

नगर पंचायत बेलहरा में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अज़हा का त्यौहार पूरी अक़ीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर में ईद की रौनक देखते बन रही थी। मुख्य आयोजन नगर की क़दीमी ईदगाह में हुआ, जहां सुबह 8 बजे ईद की विशेष नमाज़ अदा की गई।

ईदगाह में तिल रखने की जगह नहीं
ईद की नमाज़ ईदगाह के इमाम मौलाना क़ुर्बान अली ने पढ़ाई। नमाज़ के वक़्त का ऐलान होते ही हजारों की तादाद में अक़ीदतमंद ईदगाह पहुंचने लगे। कुछ ही देर में ईदगाह परिसर खचाखच भर गया। नमाज़ के बाद मौलाना क़ुर्बान अली ने मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए खास दुआ कराई। दुआ में शामिल हर शख्स ने हाथ उठाकर मुल्क की तरक्की की कामना की।

नमाज़ के बाद का नज़ारा देखने लायक था। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ‘ईद मुबारक’ कहा और भाईचारे का पैग़ाम दिया। ईदगाह से लौटते वक़्त रास्ते भर लोग एक-दूसरे को मुबारकबाद देते रहे।

घर-घर हुई सिंवई की दावत
ईदगाह से वापसी के बाद मुस्लिम समाज में दावतों का दौर शुरू हो गया। लोगों ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के घर जाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईद का मुख्य पकवान सिंवई से सबका मुंह मीठा कराया गया। इसके अलावा बिरयानी, कबाब और शीर-खुरमा जैसे पकवान भी दस्तरख़्वान की शान बने।

बच्चों और महिलाओं में दिखा खास उत्साह
ईद को लेकर बच्चों में सबसे ज़्यादा जोश-व-खरोश देखने को मिला। सुबह सवेरे ही नहा-धोकर, नए कपड़े और टोपी पहनकर बच्चे लंबे-लंबे कदमों से इतराते हुए ईदगाह की तरफ चल दिए। ईदी मिलने की खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक रही थी।

वहीं लड़कियां और महिलाएं भी आकर्षक परिधानों में सज-धज कर अपनी सहेलियों के साथ बाजारों में खरीदारी करती नजर आईं। ईदगाह के बाहर चाट, पकौड़ी, मिठाई और खिलौनों की अस्थायी दुकानें सज गई थीं। झूलों पर बच्चों की भीड़ ने मेले जैसा माहौल बना दिया। बच्चों, बूढ़ों और जवानों ने अपनी पसंद की चीजें खरीदकर त्यौहार का लुत्फ उठाया।

नगर पंचायत अध्यक्ष और अन्य गणमान्य लोगों ने भी ईदगाह पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

चाक-चौबंद रहे सुरक्षा इंतज़ाम
त्यौहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मोहम्मद पुर खाला थाना अधयक्ष अमितसिह भदौरिया के निर्देशन पर बेलहरा चौकी प्रभारी अरविंद पटेल अपनी पुलिस टीम के साथ सुबह से ही ईदगाह और आसपास के इलाकों में गश्त करते रहे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिसके चलते पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इसी प्रकार छेदा चौकी प्रभारी अरुण सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में तैनात रहे ।

रिपोर्ट पी एन सिंह, जी भारत न्यूज़ बेलहरा बाराबंकी।

Leave a Comment