बाराबंकी। जिले के ग्वारी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि उनकी निशानदेही पर गिरोह के तीन अन्य साथियों को भी दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी बुलंदशहर के एक शातिर गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो अलग-अलग जिलों में जाकर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले ग्वारी क्षेत्र में बदमाशों ने एक ज्वेलर्स के घर पर धावा बोल दिया था। आरोपियों ने घरवालों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस की सक्रियता और लगातार दबिश के बाद मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार किए गए। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.64 लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवरात, चार अवैध तमंचे व कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनार कार और बाइक भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार गिरोह काफी संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था और लंबे समय से विभिन्न जिलों में सक्रिय था। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।
रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।









