बाराबंकी में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के एक लेखपाल और उसके निजी मुंशी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कोठी कस्बा में एंटी करप्शन टीम ने एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर मझगवां क्षेत्र के लेखपाल अमित कनोजिया और उसके निजी मुंशी विनय मिश्रा को 6 हजार रुपये की घूस लेते हुए पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि मझगांव गांव में एक किसान की जमीन की धारा-24 के तहत नपाई कराने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी।
एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद दोनों को कोठी थाना लाया गया, जहां एंटी करप्शन टीम की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों राजस्व कर्मियों के खिलाफ लंबे समय से भ्रष्टाचार और लोगों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। उच्चाधिकारियों से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई थी। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी और संतोष का माहौल है।
रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।










