बाराबंकी में डीएम ईशान प्रताप सिंह का बड़ा एक्शन | टीकाकरण में लापरवाही पर सख्त चेतावनी

बाराबंकी, 27 मई। जनपद में संचालित नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों की गुणवत्ता एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बुधवार को शहर के विभिन्न टीकाकरण केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने टीकाकरण सत्रों में मौजूद आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं एएनएम से संवाद कर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, नवजात शिशुओं के टीकाकरण तथा बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी नवजात शिशु एवं गर्भवती महिला टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच से वंचित नहीं रहनी चाहिए।

डीएम ने कहा कि प्रत्येक आशा कार्यकर्ता के पास एक व्यवस्थित रजिस्टर होना चाहिए, जिसमें गर्भधारण से लेकर प्रसव और उसके बाद शिशु को लगाए जाने वाले सभी टीकों एवं स्वास्थ्य जांचों का पूरा विवरण दर्ज रहे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक लाभार्थी की अद्यतन जानकारी स्वास्थ्य कर्मियों के पास उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि समय पर सभी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और सतत निगरानी के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण स्तर की लगातार समीक्षा की जाए, जिससे कुपोषण की पहचान समय रहते कर आवश्यक उपचार एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने शहरी क्षेत्रों में ड्यू लिस्ट के अनुसार लाभार्थियों को समय से सूचना देकर टीकाकरण केंद्रों तक लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्ड स्तर पर पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रियता और प्रतिबद्धता से ही शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजीव सिंह, डीपीओ सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment