मुलताई जनसुनवाई में 150 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने दिए त्वरित और स्थायी समाधान के निर्देश

बैतूल, 26 मई 2026।
मुलताई जनपद कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं स्थायी निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोगों को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, बिजली, अतिक्रमण, सीमांकन, कॉलोनी विकास, पारिवारिक विवाद, वृद्धजन भरण-पोषण सहित विभिन्न विषयों से जुड़े करीब 150 आवेदनों पर सुनवाई की गई।

अवैध कब्जे पर एक सप्ताह में कार्रवाई के निर्देश

मुलताई निवासी कन्हैयालाल ने अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम एवं पुलिस अधिकारियों को मौके पर जांच कर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बिजली समस्या पर तत्काल राहत

गांधी वार्ड निवासी समाबाई तायवाड़ ने बिजली बिल में गड़बड़ी और बिजली लाइन काटे जाने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने एमपीईबी अधिकारियों को तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा मामले की जांच कर उचित निराकरण करने के निर्देश दिए।

कॉलोनाइजरों पर होगी सख्त कार्रवाई

कबीर कॉलोनी, पटेल वार्ड के रहवासियों ने पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव की शिकायत की। कलेक्टर ने नगरपालिका अधिकारियों को कॉलोनाइजर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अधूरे विकास कार्यों के बावजूद पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

बुजुर्ग दंपति को न्याय दिलाने के निर्देश

ग्राम कामथ निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने बेटे द्वारा घर और जमीन पर कब्जा कर उन्हें घर से निकालने की शिकायत की। कलेक्टर ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर बुजुर्ग दंपति को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा और घरेलू विवादों पर भी सुनवाई

एक महिला ने पति की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु के बाद ससुराल पक्ष द्वारा गृहस्थी का सामान और जेवर ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर कलेक्टर ने पुलिस विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अन्य मामलों का भी हुआ निराकरण

जनसुनवाई में अनुग्रह सहायता, आधार कार्ड, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना, वेतन भुगतान, घरेलू हिंसा, राशन, जलाशय एवं राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्ती जैसे मामलों पर भी सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस दौरान एसडीएम मुलताई राजीव कहार, जनपद सीईओ, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से रोजी खान की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment