बाराबंकी: डीएम ने विधान सभा कुर्सी अन्तर्गत निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के कार्यो का किया भौतिक निरीक्षण

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों एवं गुणवत्ता का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश

बरसात से पूर्व निर्माणाधीन परिसर में जलभराव वाले स्थलों पर मिट्टी पटाई के कार्य को पूर्ण करने के निर्देश

बाराबंकी, 25 मई।जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने विकास खण्ड निन्दूरा के ग्राम गुमगौर कुर्सी में 23 करोड से अधिक की लागत से निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से माध्यमिक स्तर) परियोजना का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, सुरक्षा मानकों एवं कार्यदायी संस्था द्वारा कराए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयान्तर्गत पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय मा० मुख्यमंत्री जी की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि परियोजना का लगभग 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर लिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि परिसर में जिन स्थानों पर आगामी बरसात के दौरान जलभराव की संभावना हो सकती है तथा जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो सकता है, वहां पूर्व से ही मिट्टी पटाई के कार्य पूर्ण करा लिए जाएं।उन्होंने निर्माण कार्यों में प्रयुक्त हो रही सामग्रियों की गुणवत्ता का भी सघन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, श्रमिकों की उपलब्धता एवं कार्यस्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर उसका त्वरित निस्तारण कराया जाए।

इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री नवीन कुमार पाठक, कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस के परियोजना प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment