बाराबंकी: महोबा कांड को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

रिपोर्ट, पी.एन. सिंह।

बाराबंकी, 25 मई। महोबा जनपद की एक दलित छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म, उत्पीड़न और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर रविवार को कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। बाराबंकी सांसद Tanuj Punia के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शिव कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि महोबा की एक होनहार दलित छात्रा, जो नीट की तैयारी कर रही थी, का कोचिंग से लौटते समय अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि छात्रा को 16 दिनों तक प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा गया तथा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, उसे सिगरेट से जलाकर अमानवीय यातनाएं दी गईं और जबरन शादी कराने का भी प्रयास किया गया।

सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि आए दिन हत्या, लूट, डकैती और दुष्कर्म जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मामले के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और कठोरतम सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित छात्रा और उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने, मुफ्त समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा आर्थिक सहायता देने की मांग भी की गई।

सांसद पुनिया ने कहा कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व सांसद ए.पी. गौतम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन, पूर्व प्रवक्ता सरजू शर्मा, नगर अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा, अजीत वर्मा, मोहम्मद इजहार, इरफान कुरैशी, राम हरख रावत, शिव बहादुर वर्मा, जयन्त गौतम, वीरेन्द्र कुमार यादव, शाइस्ता अख्तर, अरविन्द सिंह, आर.डी. राव, मोहम्मद वसीन, फरीद अहमद, मोहम्मद जीशान, जितेन्द्र कुमार, देवेन्द्र प्रताप, राकेश तिवारी और शिव देवी वर्मा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment