चाईबासा :- झारखंड स्टेट लाईवलीहुड प्रोमोशन सोसाइटी द्वारा सखी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, पश्चिमी सिंहभूम के “उपायुक्त” मनीष कुमार उपस्थित रहे

पश्चिमी सिंहभूम से अनूप श्रीवास्तव की रिपोर्ट जी भारत न्यूज़

प्रोजेक्ट बदलाव” के तहत आज झारखंड स्टेट लाईवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के अंतर्गत गठित 75 संकुल संगठनों में सखी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार के द्वारा चाईबासा प्रखंड के मतकमहातु पंचायत भवन में आयोजित संकुल स्तरीय सखी संवाद कार्यक्रम में भाग लिया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम स्वयं सहायता समूह की दीदियों के द्वारा उपायुक्त का पारंपरिक स्वागत किया गया, तत्पश्चात उपायुक्त के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल अन्य संकुल संगठनों के साथ संवाद स्थापित करते हुए कहा गया कि समूह में वह ताकत है कि वह समाज को नई दिशा प्रदान कर सकती है।

इसी क्रम में उपायुक्त ने बताया कि विगत 24 तारीख को जिले में आयोजित रक्तदान शिविर में स्वयं सहायता समूह की दीदियों की सहभागिता काफी सराहनीय रही और उन्होंने बढ़चढ़ कर स्वेच्छा से रक्तदान भी किया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त के द्वारा जिले में प्रत्येक माह को आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा कर समूह सदस्यों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु सभी दीदियों को प्रेरित किया गया। इस दौरान प्रोजेक्ट बदलाव के अंतर्गत होने वाले विशेष कार्यों की जानकारी भी प्रदान की गई।

इस दौरान उपायुक्त के द्वारा ग्रामीण स्तर पर महिला सशक्तिकरण के तदर्थ जिले के सभी 75 सीएलएफ स्तर पर बर्तन बैंक का संचालन और स्वयं सहायता समूह सदस्यों के आकस्मिक एवं आपातकालीन आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु प्रत्येक सदस्य के द्वारा ₹20 का योगदान करते हुए आकस्मिकता निधि कोष बनाने के संदर्भ में प्रेरित किया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समूह की दीदियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा सभी के द्वारा ₹20 के योगदान से सफाई कोष का गठन करने के संदर्भ में भी उचित मार्गदर्शन दिया गया।

संवाद के क्रम में सीएलएफ ईसी-1 एजेंडा, कैडर समीक्षा, आजीविका नियोजन, सामाजिक समावेशन, जेंडर संवाद एवं वित्तीय साक्षरता आदि विषयों पर भी विस्तृत रूप से संवाद किया गया। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा जिले में संचालित जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना, मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम आदि के संदर्भ में भी विस्तृत जानकारी को साझा करते हुए सभी से अपेक्षित सहयोग का अपील किया गया।

संवाद बैठक में उपायुक्त के द्वारा बताया गया कि जिला प्रशासन के द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दीदी बाड़ी योजना तहत उत्पादित किए जा रहे फल, सब्जी एवं अन्य उत्पादों का बेहतर बाजारीकरण के उद्देश्य से कृषि उत्पाद निर्यातकों के साथ भी विचार विमर्श किया गया है। हमारा प्रयास है कि स्वयं सहायता समूह की दीदियों के द्वारा किए जा रहे उत्पादन का अधिकाधिक मूल्य प्राप्त हो, जो सीधे उनके हाथों में पहुंचे। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा सभी क्लस्टर में घड़े में पेयजल की व्यवस्था रखने, भीषण गर्मी एवं हीट वेव से अपने और अपने परिवार का बचाव करने, क्षेत्र में मलेरिया का रोकथाम हेतु उचित पहल करने के संदर्भ में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इस दौरान उपायुक्त के नेतृत्व में उपस्थित सभी सीएलएफ सदस्यों के द्वारा देश का विकास एवं समाज में उन्नति हेतु अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का शपथ भी लिया गया।

Leave a Comment