जालौन के ग्राम बबीना में अवैध शराब और गांजे के कारोबार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

महिलाओं ने खोला मोर्चा, पुलिस-प्रशासन पर कार्रवाई न करने के आरोप

जालौन के कालपी तहसील अंतर्गत थाना कदौरा क्षेत्र के ग्राम बबीना में अवैध शराब और गांजे के कथित कारोबार को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में पिछले करीब तीन वर्षों से खुलेआम नशे का कारोबार संचालित हो रहा है, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों द्वारा पुलिस अधीक्षक जालौन को सौंपे गए शिकायती पत्र में गांव के कुछ लोगों पर अवैध शराब और गांजा बेचने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की एक किराना दुकान को कथित रूप से नशे के कारोबार का केंद्र बना दिया गया है, जहां दिन-रात शराब और गांजे की बिक्री होती है। आरोप है कि इस अवैध गतिविधि का विरोध करने वालों को धमकाया जाता है।

महिलाओं समेत दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि गांव का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों के रास्तों में शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और छात्राओं को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आए दिन छींटाकशी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की घटनाएं बढ़ रही हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में एक युवक द्वारा इस कथित अवैध कारोबार का विरोध किए जाने पर उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करा दिया गया था। इससे गांव में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है।

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस से शिकायत करने पर कार्रवाई के बजाय समझौते का दबाव बनाया जाता है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा गांव को नशा मुक्त बनाने की मांग उठाई है। वहीं, अवैध कारोबार का विरोध करने वाले एक ग्रामीण के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बताया जा रहा है। पीड़ित ग्रामीण ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होगा।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

ब्यूरो रिपोर्ट, शोभित पाण्डेय, जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment