रिपोर्ट, स्टेट प्रभारी झारखंड : अनूप श्रीवास्तव जी भारत न्यूज़
पश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देश एवं मार्गदर्शन में उत्पाद विभाग द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर एवं झींकपानी थाना क्षेत्रों में कुल 9 मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई में 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 5 फरार अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उत्पाद विभाग की टीम ने गुवा थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी-बड़ा जामुदा और कल्याण नगर में छापेमारी कर अवैध शराब बिक्री के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 3 लीटर विदेशी शराब एवं 3250 लीटर बीयर बरामद की गई।
वहीं मंझारी थाना अंतर्गत मिरुडीह गांव में छापेमारी के दौरान 9 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई। हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज किया गया है।

चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दण्डासाई और बाराकुली में भी उत्पाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से साढ़े 6 लीटर बीयर तथा 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
इसके अलावा झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में अवैध चुलाई शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग ने संचालित चार अवैध भट्टियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान 80 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई तथा शराब निर्माण में उपयोग होने वाला लगभग 15 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

उत्पाद विभाग ने सभी आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।










