रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।
Barabanki के रामसनेहीघाट स्थित 33/132 केवीए पावर हाउस में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे एक विद्युत ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। आग की लपटें लगभग 30 फीट ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पावर हाउस कर्मचारियों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर रामसनेहीघाट फायर यूनिट की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

प्रारंभिक जांच में भीषण गर्मी के कारण ट्रांसफार्मर में ओवरहीटिंग से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। एहतियात के तौर पर विद्युत विभाग ने तत्काल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे आसपास के कई इलाकों में अंधेरा छा गया। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

फायरमैन अभिषेक मणि त्रिपाठी ने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं विद्युत विभाग के एसडीओ ने कहा कि ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी। प्रथम दृष्टया अत्यधिक गर्मी के कारण ओवरहीटिंग की संभावना सामने आ रही है।
विद्युत विभाग के अनुसार, क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।










