बाराबंकी से सुरेंद्र सिंह चौहान की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।
बेलहरा, फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत बेलहरा में 15 अप्रैल 2026 को हुई बोर्ड बैठक की कार्यवाही रजिस्टर में अवैध प्रविष्टियों का गंभीर मामला सामने आया है। नगर पंचायत के निर्वाचित व नामित सभासदों ने सामूहिक रूप से उपजिलाधिकारी, तहसील फतेहपुर को शिकायती पत्र सौंपकर अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी पर पद के दुरुपयोग और मनमानी का आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला
सभासदों का आरोप है कि 15 अप्रैल 2026 को आहूत बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय हुआ था कि प्रत्येक वार्ड से विकास हेतु 2 अनिवार्य कार्यों का प्रस्ताव पास किया जाएगा। बैठक के समय कार्यवाही रजिस्टर पर कार्यों का विवरण अंकित नहीं था, इसलिए किसी भी सभासद ने हस्ताक्षर नहीं किए। अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी ने आश्वासन दिया था कि प्रस्ताव दर्ज होने के बाद सभी को रजिस्टर पढ़वाकर हस्ताक्षर कराए जाएंगे।
सभासदों का कहना है कि बाद में पता चला कि उनकी अनुपस्थिति में अध्यक्ष व ईओ ने मनमाने तरीके से कई अनाधिकृत कार्यों को रजिस्टर में दर्ज करवा दिया और बिना किसी सभासद के हस्ताक्षर के ही कार्यवाही को पूर्ण दिखा दिया गया।

नियमों का उल्लंघन
शिकायत में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम के अनुसार बोर्ड बैठक की कार्यवाही बिना कोरम की लिखित पुष्टि और सदस्यों के हस्ताक्षर के मान्य नहीं होती। सभासदों ने इसे सरकारी अभिलेखों के साथ कूटरचना बताया है। उनका आरोप है कि बिना बोर्ड की सहमति के कार्य अंकित करना वित्तीय अनियमितता को बढ़ावा देने की साजिश है, जिससे वार्डों के वास्तविक विकास कार्य बाधित होंगे।
सभासदों की मांग
सभासदों ने SDM फतेहपुर से मांग की है कि:
– दिनांक 15.04.2026 की बैठक के कार्यवाही रजिस्टर की तत्काल जांच कराई जाए
– बिना हस्ताक्षर के तैयार की गई अवैध कार्यवाही को निरस्त किया जाए
– धांधली में शामिल उत्तरदायी व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही हो
सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में SDM कार्यालय से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।









